
शिमला – नितिश पठानियां
झीलों की नगरी कहलाने वाला राजस्थान का उदयपुर शहर बुधवार को राजस्थानी और हिमाचली संस्कृति का संगम बनता दिखाई दिया।
राजस्थानी और हिमाचल के गीतों पर बाराती खूब थिरके। मौका था विधायक राजेंद्र राणा के बेटे की शादी का। इस मौके पर कांग्रेस के दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।
जानकारी के मुताबिक सुजानपुर के विधायक और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा के बेटे अभिषेक राणा की बारात में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राज्यसभा सांसद और हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा, पूर्व स्पीकर राणा केपी सिंह, मंत्री और हिमाचल के प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, सह-प्रभारी तेजेंद्र सिंह बिट्टू, विधायक कुलदीप राठौर, सुधीर शर्मा, केवल सिंह पठानियां सहित बाबा शेख फरीद यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर डा. राज बहादुर सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह ने राजेंद्र राणा के चंडीगढ़ आवास पर पहुंचकर राणा परिवार को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
27 को लौटेंगे सीएम
शादी के बाद सीएम का का दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है और उसके बाद मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अधिवेशन के लिए रायपुर भी जाना है।
हालांकि रायपुर जाने से पहले कुछ कैबिनेट मंत्री भी दिल्ली पहुंचेंगे और कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी भी रायपुर साथ ही रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री 27 फरवरी को वापस लौटेंगे और इसके बाद आते ही कैबिनेट की बैठक भी की जा सकती है।
