राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार के बीए प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। राजीव कुमार ने टॉप किया, जबकि किरणा और शिवानी कुमारी ने भी बेहतर प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
शाहपुर – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा घोषित किए गए बी.ए. प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है। कॉलेज का कुल परीक्षा परिणाम 85% रहा।
महाविद्यालय में राजीव कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 69% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं किरणा ने 68% अंक हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा शिवानी कुमारी ने 67% अंक हासिल करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बी.ए. प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज में अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार के बोल
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
कार्यवाहक प्राचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार निरंतर मेहनत और लगन के साथ सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

