चम्बा – भूषण गुरुंग
भट्टियात लोक संस्कृति मंच, की वार्षिक बैठक आज दिनांक 11 जुलाई 2026 को कामला में मंच के अध्यक्ष श्री पवन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में मंच के सदस्यों ने क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गरनोटा छिंज मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा दिलाने के लिए माननीय विधान सभा अध्यक्ष एवं विधायक श्री कुलदीप सिंह पठानिया का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बैठक में विलुप्त होती लोक संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रयास करने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में प्रत्येक वर्ष मंच की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, ताकि क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति को व्यापक पहचान मिल सके।
बैठक में मंच से जुड़े ऐसे सभी लोगों को साथ जोड़ने पर भी सहमति बनी, जिन्होंने कला एवं संस्कृति के संरक्षण में अपना बहुमूल्य समय और योगदान दिया है, ताकि भविष्य में भी वे अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
अंत में मंच के कार्यकाल को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से मंच की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए यथावत रखने जिसमें पवन शर्मा को अध्यक्ष, डॉक्टर विकास गुप्ता को सचिव और विक्रम कौशल को वित्त सचिव तथा पवन मेहरा को उपाध्यक्ष और तपेश पुजारी को प्रेस सचिव बनाया गया।
इसके अलावा कुलभूषण उपमन्यु और प्रभात राणा को सलाहकार बनाया गया। बैठक का समापन सभी सदस्यों द्वारा लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

