प्रधान की गिरफ्तारी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, उप मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी
ऊना, 28 अगस्त – अमित शर्मा
हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खड्ड के प्रधान वीरेंद्र हीर की आम का पेड़ काटने के आरोप में हुई गिरफ्तारी के मामले पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार को ग्रामीणों ने भाजपा और बहुजन समाज पार्टी के नेताओं की अगुवाई में हरोली थाने का घेराव करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पंचायत प्रधान पर झूठा केस बनाकर उन्हें गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार करने के आरोप भी लगाए।
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भाजपा नेता प्रोफेसर रामकुमार ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार दलित विरोधी निर्णय लेकर चुन-चुन कर लोगों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में भारी बरसात के चलते लोगों को लाखों रुपए का नुकसान उठाने को मजबूर होना पड़ा है लेकिन सरकार और प्रशासन इन लोगों को राहत उपलब्ध करवाने की बजाय उल्टा झूठे मुकदमे दर्ज करके प्रताड़ित करने का काम कर रही है।
जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी तरफ बहुजन समाज पार्टी के नेता लेखराज कतनौरिया का आरोप था कि पंचायत प्रधान को दलित होने पर टारगेट किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करवाया गया है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि पुलिस विभाग ने इस एफआईआर को रद्द नहीं किया और पंचायत प्रधान को बाइज्जत उनके घर वापस नहीं पहुंचाया तो उग्र प्रदर्शन बड़े आंदोलन का रूप लेगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हुए पंचायत प्रधान को बलि का बकरा बना रहे हैं।

