हिमखबर डेस्क
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत झाकड़ी बाजार के समीप एक भीषण अग्निकांड सामने आया है। झाकड़ी बाजार के समीप ब्रौनी खड्ड के ऊपर स्थित जंगल में लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार का सबकुछ छीन लिया। यह घटना बीते दिन पेश आई है, जिसमें स्थानीय निवासी अंशुल सिंह को भारी आर्थिक और निजी नुक्सान उठाना पड़ा है।
पीड़ित चरवाहे अंशुल सिंह पुत्र कपूर सिंह, निवासी गांव खड़काग, डाकघर झाकड़ी, तहसील रामपुर, जिला शिमला ने बताया कि जंगल में लगी आग देखते ही देखते बेकाबू हो गई और उनके डेरे तक जा पहुंची। इस हादसे में उनकी 9 बकरियां जलकर मर गईं, जबकि 2 मेमने घायल अवस्था में किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।

आग इतनी भयावह थी कि डेरे में मौजूद सारा सामान जलकर राख हो गया। इसमें राशन, बर्तन, कपड़े, सोलर लाइट, टॉर्च, एंड्रॉइड मोबाइल, पावर बैंक और दो टैंट शामिल थे। पीड़ित के लिए सबसे बड़ा झटका 1 लाख रुपए की नकदी का नुक्सान है, जो उसने 19 अप्रैल को 7 भेड़ें बेचने के बाद जमा की थी।
अंशुल सिंह ने बताया कि इस पूरी घटना में उसे लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए का आर्थिक नुक्सान हुआ है। एक ही झटके में कमाई और पूंजी दोनों छिन जाने से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। प्रशासन से पीड़ित को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की जा रही है।

