एकजुटता और जोश से फिर खड़ी हुई कांग्रेस: जिला परिषद से नगर निकायों तक कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की शानदार जीत
चम्बा – भूषण गुरुंग
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला में कांग्रेस पार्टी ने एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सत्ता के हर मोर्चे पर अपना परचम लहरा दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं में व्याप्त जोश और एकजुटता का परिणाम यह है कि चम्बा की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस एक मंच पर आकर एक अभेद्य किले की तरह खड़ी हो गई है। इस ‘क्लीन स्वीप’ ने जिले के राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से बदल दिया है।
20 वर्षों का रिकॉर्ड और ऐतिहासिक विजय
राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने 2005 के बाद पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया है। इससे पहले कांग्रेस समर्थित कभी अध्यक्ष तो कभी उपाध्यक्ष बनता रहा है। इस बार जिला परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पदों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत ने कार्यकर्ताओं का मनोबल सातवें आसमान पर पहुँचा दिया है। इस जीत में पार्टी की निष्ठा और वफादारी को विशेष सम्मान मिला है, जिसके तहत श्री लियाकत खान को जिला परिषद का उपाध्यक्ष चुना गया है। वे इस पद पर पहुंचने वाले पहले मुस्लिम नेता बनकर उभरे हैं।
नेतृत्व की कुशलता और कार्यकर्ताओं का भरोसा
इस जीत के शिल्पकार के रूप में विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया, वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती आशा कुमारी और चम्बा के विधायक श्री नीरज नैयर ,जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी की रणनीति व उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने वह कर दिखाया है जो पिछले डेढ़-दो दशकों में संभव नहीं हो सका था।
निकायों से लेकर ब्लॉक समितियों तक कब्जा
कांग्रेस का यह विजय रथ केवल जिला परिषद तक सीमित नहीं रहा। जिला मुख्यालय की नगर परिषद पर 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस ने फिर से कब्जा जमाया है। वहीं, विकास की धुरी माने जाने वाली मैहला और चुराह-तीसा ब्लॉक समिति पर भी 15 वर्षों बाद कांग्रेस का परचम लहराया है। चम्बा के नगर व निकाय चुनावों में कांग्रेस का यह क्लीन स्वीप विपक्षी खेमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एकजुटता का संदेश
जिला अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने इस जीत को चम्बा के प्रबुद्धजनों और समर्पित कार्यकर्ताओं की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के आशीर्वाद और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत ने कांग्रेस को एक नई ऊंचाई दी है। चम्बा की पांचों विधानसभाओं में कांग्रेस का यह पुनरुत्थान आने वाले समय में पार्टी के लिए और भी शुभ संकेत लेकर आया है।

