कौन बनेगा करोड़पति में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के समक्ष हॉट सीट तक पहुंचने वाली हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के गांव कम्होथा तहसील चुराह की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जैतून बेगम ने 6.40 लाख रुपये जीते हैं।
चम्बा – भूषण गुरुंग
सोनी टीवी के रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति में जिला चंबा के चुराह उपमंडल के कम्होथा गांव की जैतून बेगम ने गत गुरुवार को प्रसारित एपिसोड में छह लाख चालीस हजार रुपए की इनामी राशि जीती है।
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों का जैतून बेगम ने बखूबी से जवाब दिया, मगर साढ़े बारह लाख के सवाल पर जैतून बेगम ने जोखिम न लेते हुए शो से सहमति से क्विट कर लिया। हालांकि शो क्विट करने के बाद जैतून बेगम का साढ़े बारह लाख रुपए के सवाल का जवाब भी सही था।
कम्होथा गांव की जैतून बेगम आंगनबाड़ी वर्कर है। कौन बनेगा करोड़पति शो में जीती राशि को लेकर अमिताभ बच्चन द्वारा पूछे सवाल पर जैतून बेगम ने कहा कि वह इससे अपनी माता व नानी को हज यात्रा करवाएगी।
जैतून बेगम ने कहा कि वह वर्ष 2011 से लगातार कौन बनेगा करोड़पति शो का हिस्सा बनने के लिए प्रयास कर रही थी। आखिरकार कौन बनेगा करोड़पति सीजन- 15 में जाकर प्रयास सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि कौन बनेगा करोड़पति शो में जीती छह लाख चालीस हजार रुपए की राशि का काफी महत्त्व है।
इसके साथ ही सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मिलने का सपना भी साकार हो गया है। बताते चलें कि जैतून बेगम कौन बनेगा करोड़पति में हिस्सा लेने वाली चंबा जिला की पहली प्रतिभागी हैं।

