हिमखबर डेस्क
गांधी नगर स्थित पेट्रोल पंप के समीप सम्फिया द्वारा “आश चाइल्ड डेवलपमेंट” के नए केंद्र की स्थापना की गई, जिसका विधिवत शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने किया। मदर्स डे के अवसर पर शुरू किए गए इस केंद्र में 12 मई से बच्चों के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी सेवाएं औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएंगी ।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि सम्फिया पिछले तीन वर्षों से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के सहयोग से डीईआईसी केंद्र का सफल संचालन कर रहा है, जहां अनेक बच्चों को निःशुल्क थेरेपी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह नया केंद्र विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा तथा उन्हें आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर उपचार एवं प्रशिक्षण उपलब्ध करवाएगा।
उन्होंने दिव्यांगता एवं बाल विकास के क्षेत्र में सम्फिया द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था निरंतर जरूरतमंद बच्चों तक सेवाएं पहुंचाने का सराहनीय प्रयास कर रही है। उन्होंने सम्फिया परिवार को इस नई पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान हवन-पूजन का आयोजन भी किया गया। साथ ही बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक एवं विकासात्मक गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
सम्फिया की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. श्रुति भारद्वाज ने बताया कि यह केंद्र Indian Renewable Energy Development Agency, Azim Premji Foundation तथा AD Hydro Power Limited के CSR सहयोग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र को आधुनिक एवं उन्नत ऑक्यूपेशनल थेरेपी तकनीकों के आधार पर विकसित किया गया है, ताकि बच्चों को बड़े शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि केंद्र में बच्चों के लिए विशेष इंडोर प्ले पार्क की व्यवस्था भी की गई है, जो थेरेपी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं बच्चों के अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध होगी। भविष्य में संस्था की अन्य सेवाएं, जिनमें फिजियोथेरेपी सेवाएं तथा कार्यालय का संपूर्ण सेटअप भी शामिल है, इसी केंद्र में विकसित किए जाएंगे, ताकि बच्चों एवं अभिभावकों को एक ही स्थान पर समग्र सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डॉ. श्रुति भारद्वाज ने बताया कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है, जहां उनकी शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक क्षमताओं के विकास के लिए विशेषज्ञों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर सम्फिया की निदेशक डॉ. रेखा ठाकुर, कार्यक्रम प्रबंधक बीजू हिमदल, संस्था के कर्मचारी, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

