हिमख़बर डेस्क
कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला में हुई एक हाई-प्रोफाइल चोरी की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है।
पुलिस ने कबाड़ बीनने की आड़ में रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर लगभग 70 लाख रुपये कीमत का 50 तोला सोना और करीब 3 लाख रुपये कीमत की 1.2 किलोग्राम चांदी बरामद की गई है।
यह सनसनीखेज चोरी 29 जून को टांडा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सक डॉ. अंजलि चौहान के घर पर तब हुई थी, जब उनका परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था।
शादी में गया था परिवार, कबाडिय़ों ने किया हाथ साफ
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 29 जून 2026 की रात थाना धर्मशाला क्षेत्र में डॉ. अंजलि के सूने घर को निशाना बनाया गया था।
चोर घर से पुश्तैनी सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, बालियां, नकदी और साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ ले गए थे।
इस संबंध में थाना धर्मशाला में बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला (स्नढ्ढक्र हृश. 96/2026) दर्ज किया गया था।
एसएचओ धर्मशाला के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की निगरानी में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर गग्गल की बंगाली कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय अंजू और 27 वर्षीय चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि ये दोनों कई दिनों से कबाड़ बीनने के बहाने इलाके की रेकी कर रहे थे।
झाडिय़ों से लेकर सर्राफा व्यापारी तक, ऐसे हुई रिकवरी
पुलिस से बचने के लिए शातिरों ने सीसीटीवी का डीवीआर फतेहपुर क्षेत्र के पास एक खड्ड में झाडिय़ों के बीच फेंक दिया था। पुलिस की गहन पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर तीन अलग-अलग चरणों में रिकवरी की गई:
5 जुलाई: आरोपी चंदन की निशानदेही पर जंगल से सीसीटीवी डीवीआर के टुकड़े, वाई-फाई राउटर और पावर प्लग बरामद किए गए, जिन्हें एफएसएल भेजा जा रहा है।
6 जुलाई: चंदन की ही निशानदेही पर हमीरपुर के एक आभूषण व्यापारी विवेक कुमार के पास से 15 तोला सोना (पिघला हुआ) और 1 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। व्यापारी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।
8 जुलाई: महिला आरोपी अंजू की निशानदेही पर गग्गल पुल के पास खड्ड किनारे झाडिय़ों में छिपाकर रखा गया लगभग 35 तोला सोना और 200 ग्राम चांदी बरामद की गई।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, एसपी ने जारी की एडवायजरी
दोनों आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है। इस बड़ी कामयाबी के बाद एसपी कुलभूषण वर्मा ने आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लोग घर से बाहर जाने या यात्रा की जानकारी तुरंत सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि अपराधी ऐसी सूचनाओं पर पैनी नजर रखते हैं।
घरों में इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाएं, कीमती आभूषण बैंक लॉकर में रखें और लंबे समय के लिए बाहर जाने पर पड़ोसियों तथा स्थानीय पुलिस को जरूर सूचित करें।
इसके अलावा मकान मालिकों को किरायेदारों व प्रवासी मजदूरों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाने और व्यापार मंडलों को बाजारों में रात्रि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी गई है।

