हिमखबर डेस्क
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पहाड़ से गिरे पत्थर की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना बुआंदा-च्वाई मार्ग पर बुआंदा के समीप घलाड़ नाला के पास हुई।
जानकारी के अनुसार बुआंदा गांव के निवासी 70 वर्षीय शिव राम शुक्रवार दोपहर करीब 12:20 बजे बुआंदा से च्वाई की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और वह उनकी चपेट में आ गए। हादसे में शिव राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
राजस्व विभाग ने भी घटना की रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई के लिए भेज दी है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25 हजार रुपये की अंतरिम सहायता प्रदान की गई है।
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में चट्टानें और पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

