हिमखबर डेस्क
रामपुर बुशहर की उपतहसील तकलेच में पुल के समीप वीरवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी। हादसे में कार में सवार 64 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 40 वर्षीय पुत्र घायल हो गया। घायल का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच में किया गया।
पुलिस के अनुसार कार संख्या एचपी 63सी-3943 (वेन्यू) को जगदीश चंद (40) पुत्र निका राम, निवासी थेड़ा, डाकघर तकलेच, तहसील रामपुर चला रहे थे। उनके साथ उनके पिता निका राम (64) पुत्र डागू राम भी कार में सवार थे।बताया जा रहा है कि वीरवार रात करीब 8:30 बजे तकलेच में पुल के समीप कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
इसके बाद कार सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना में निका राम को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार चला रहे जगदीश चंद घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
थाना प्रभारी रमेश नेगी के बोल
पुलिस थाना रामपुर के प्रभारी रमेश नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी पहुंचाया गया।
पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

