HP SHIVA Project: मंडी के बही गांव में 21 किसानों ने शुरू की आधुनिक अमरूद की खेती, सोलर बाड़बंदी और ड्रिप सिंचाई से सुरक्षित होंगे पौधे
मंडी – हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के किसानों की आर्थिकी मजबूत करने और पारंपरिक खेती का बेहतर विकल्प देने के लिए प्रदेश सरकार की एचपी शिवा परियोजना के तहत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र के बही गांव में अमरूद का आधुनिक क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना से आने वाले समय में 21 किसानों की आमदनी बढ़ने की उम्मीद है।
बही गांव में करीब 8.7 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की उन्नत किस्मों हिसार सफेदा और जारवी रेड के कुल 9,180 पौधे लगाए गए हैं। क्लस्टर के विकास और किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अब तक करीब 1 करोड़ 6 लाख 54 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। परियोजना के तहत खेतों का समतलीकरण, भूमि सुधार, जल निकासी, सोलर बाड़बंदी और आधुनिक सिंचाई व्यवस्था विकसित की जा रही है।
21 किसानों को मिला आधुनिक बागवानी का अवसर
बही गांव में विकसित हो रहे इस अमरूद क्लस्टर से 21 किसान जुड़े हैं। किसानों को पारंपरिक धान और गेहूं की खेती के बजाय फल उत्पादन की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। क्लस्टर में लगाई गई सोलर बाड़बंदी से पौधों को बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल रही है। वहीं, टपक सिंचाई प्रणाली के माध्यम से पौधों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) के प्रधान एवं लाभार्थी सुरेश ठाकुर के अनुसार, उद्यान विभाग के सहयोग से किसानों ने अमरूद की उन्नत किस्मों के पौधे लगाए हैं। जून 2025 में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने क्लस्टर में पौधरोपण कार्य का शुभारंभ किया था। वर्तमान में पौधे लगभग एक वर्ष के हो चुके हैं और चार से पांच फुट तक ऊंचे हो गए हैं। आने वाले समय में उत्पादन शुरू होने से किसानों की आय में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
10 बीघा जमीन पर अमरूद की खेती कर रही निर्मला देवी
क्लस्टर की लाभार्थी निर्मला देवी ने करीब 10 बीघा भूमि पर अमरूद के पौधे लगाए हैं। पहले वह अपने खेतों में धान और गेहूं की खेती करती थीं, लेकिन बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों के कारण फसलों को नुकसान पहुंचता था। इससे उन्हें अपेक्षित आमदनी नहीं मिल पाती थी।
अब एचपी शिवा परियोजना के तहत सोलर बाड़बंदी होने से पौधे सुरक्षित हैं और अच्छी बढ़वार कर रहे हैं। विभाग की ओर से सिंचाई व्यवस्था के साथ खाद और दवाइयों को लेकर भी सहयोग दिया जा रहा है। निर्मला देवी ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार और उद्यान विभाग का आभार जताया है।
गांव के युवाओं के लिए भी खुलेंगे रोजगार के रास्ते
क्लस्टर के एक अन्य लाभार्थी जगदीश चंद ने अपनी दो बीघा भूमि पर अमरूद के पौधे लगाए हैं। उनका कहना है कि इस परियोजना से किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ गांव के युवाओं को भी स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को खेती और बागवानी के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा।
उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों की मदद करेगी सरकार
उद्यान विकास अधिकारी सरकाघाट शबनम राणा के अनुसार, एचपी शिवा परियोजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, पारंपरिक खेती पर निर्भरता कम करना और उन्हें आधुनिक वैज्ञानिक बागवानी तकनीकों से जोड़ना है। क्षेत्र की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार अमरूद, नींबू, अनार और लीची जैसी फलदार फसलों के क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।
परियोजना के तहत प्रत्येक क्लस्टर में सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) और जल उपयोगकर्ता संघ (डब्ल्यूयूए) का गठन किया गया है। इससे किसानों की सामूहिक भागीदारी के साथ सिंचाई सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
खास बात यह है कि एचपी शिवा परियोजना केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है। इसके तहत किसानों को ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण, प्रसंस्करण और बाजार से जोड़ने की भी योजना है, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से संचालित यह परियोजना हिमाचल के निचले क्षेत्रों में बागवानी को आय का मजबूत साधन बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है।

