धर्मशाला-कांगड़ा-गग्गल क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता ने संगठन को मजबूत करने में निभाई थी अहम भूमिका, सादगी और समर्पण के लिए किए जाएंगे याद
कांगड़ा – राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। कांगड़ा जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता हिंदवीर कोहली का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी ने उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
हिंदवीर कोहली धर्मशाला, कांगड़ा और गग्गल क्षेत्र में भाजपा के एक अनुभवी और जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता के रूप में पहचान रखते थे। उन्होंने कांगड़ा संगठनात्मक जिले के भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए उनके योगदान को याद किया जा रहा है।
सादगी और संगठन के प्रति समर्पण के लिए रहेंगे याद
भाजपा की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि हिंदवीर कोहली के निधन से संगठन ने एक समर्पित, मेहनती और अनुशासित कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने अपना जीवन पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। उनका सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संगठन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।
नड्डा, जयराम ठाकुर और बिंदल समेत कई नेताओं ने जताया शोक
हिंदवीर कोहली के निधन पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, हिमाचल भाजपा के संगठन सचिव सिद्धार्थन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शोक व्यक्त किया है।
इसके अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, पूर्व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर व सरवीन चौधरी ने भी उनके निधन पर दुख जताया।
विधायक सुधीर शर्मा और पवन काजल सहित त्रिलोक कपूर, संजय शर्मा, करण नंदा, विश्व चक्षु, कांगड़ा भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा और जिला महासचिव देवेंद्र कोहली समेत कई पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

