Home हिमाचल बिलासपुर हिमाचल में खुला पहला डंकी फार्म, 7 हजार रुपये लीटर तक बिकता...

हिमाचल में खुला पहला डंकी फार्म, 7 हजार रुपये लीटर तक बिकता है गधी का दूध; जानें किसने की शुरुआत

1114

हिमाचल के बिलासपुर स्थित कंदरौर में पहला डंकी फार्म शुरू हुआ है, संजीव ठाकुर और सीरत तूर ने 12 गधों से शुरुआत की है, जानें गधी के दूध की कीमत और उपयोग।

बिलासपुर – हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश में डेयरी कारोबार के क्षेत्र में एक नई पहल हुई है। बिलासपुर जिले के कंदरौर में प्रदेश का पहला डंकी फार्म (Donkey Farm) शुरू किया गया है। यहां गधी के दूध का उत्पादन कर इसे बाजार तक पहुंचाने की योजना है। खास बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गधी का दूध पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकने की बात कही जाती है।

इस अनूठे स्टार्टअप की शुरुआत कंदरौर के संजीव ठाकुर और सीरत तूर ने की है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्थापित इस डंकी फार्म का शुभारंभ किया। फिलहाल फार्म में 12 गधे खरीदे गए हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाकर 25 करने की योजना है।

स्वरोजगार की नई संभावना बन सकता है डंकी फार्म

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि गधी पालन और उसके दूध के उत्पादन पर आधारित यह अपने तरह का अनूठा स्टार्टअप है। इसमें भविष्य में स्वरोजगार और व्यावसायिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। हालांकि, इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए अभी शोध और वैज्ञानिक अध्ययन की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधी के दूध की मांग खास तौर पर फार्मास्युटिकल और स्किन केयर उद्योग में है। इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं। कई देशों में इसका इस्तेमाल सौंदर्य प्रसाधन और विशेष उत्पाद बनाने में किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध, गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण और बाजार की संभावनाओं का अध्ययन जरूरी है, ताकि हिमाचल में इस पहल को व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

12 गधों से शुरुआत, 25 तक संख्या बढ़ाने की योजना

डंकी फार्म के संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सीरत तूर ने इस पहल की शुरुआत की है। संजीव ठाकुर के अनुसार, उनकी कंपनी दुग्ध उत्पादन और संग्रहण के क्षेत्र में काम कर रही है। वर्तमान में कंपनी प्रतिदिन 2,700 लीटर से अधिक दूध एकत्रित कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के पशुपालकों को भी कंपनी से जोड़ा जा रहा है, ताकि उनके दूध के विपणन में मदद मिल सके और उनकी आय बढ़े।

7 हजार रुपये लीटर तक बिकता है गधी का दूध

गधी का दूध सामान्य तौर पर पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकने का दावा किया जाता है। इससे तैयार पाउडर की कीमत गुणवत्ता और बाजार के अनुसार 20 हजार से 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक बताई जाती है। इसका उत्पादन सीमित होने और उपलब्धता कम रहने के कारण यह सामान्य डेयरी उत्पादों की तरह आसानी से बाजार में नहीं मिलता।

कॉस्मेटिक और फार्मास्युटिकल उद्योग में मांग

गधी के दूध का इस्तेमाल केवल पेय पदार्थ के रूप में ही नहीं, बल्कि प्रीमियम कॉस्मेटिक और स्किन केयर उत्पादों में भी किया जाता है। कई देशों में इससे साबुन, मॉइस्चराइजर, लोशन और एंटी-एजिंग उत्पाद बनाए जाते हैं। इसके अलावा विशेष पोषण उत्पादों और फार्मास्युटिकल उद्योग में भी इसके उपयोग की संभावनाएं बताई जाती हैं।

क्या हैं गधी के दूध के संभावित फायदे?

गधी के दूध में गाय और भैंस के दूध की तुलना में कैसीन प्रोटीन और वसा की मात्रा कम होती है। इसकी संरचना के कारण इसे कुछ लोगों के लिए आसानी से पचने वाला विकल्प माना जाता है। इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे घटक भी पाए जाते हैं।

कुछ अध्ययनों में गधी के दूध के पोषण संबंधी गुणों और संभावित स्वास्थ्य उपयोगों पर चर्चा की गई है। हालांकि, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, एलर्जी, अस्थमा, खांसी-जुकाम, त्वचा की झुर्रियों या ब्लड शुगर को नियंत्रित करने जैसे दावों की पुष्टि के लिए पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण जरूरी हैं। इसे किसी बीमारी के इलाज या डॉक्टर की सलाह के विकल्प के रूप में नहीं लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के प्रयास कर रही है। सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था और नवाचार को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here