मंडी सिया हत्याकांड: सजा की तारीख टलने पर फफक पड़ी मां, बोलीं- बेटी के हत्यारे को फांसी से कम कुछ मंजूर नहीं

--Advertisement--

मंडी के सिया हत्याकांड में दोषी विकास पटियाल की सजा पर फैसला 27 नवंबर तक टला, तारीख बढ़ने पर मां रक्षा देवी रो पड़ीं और फांसी की मांग की।

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के चर्चित सिया हत्याकांड में पीड़ित परिवार का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया है। बेटी की हत्या के दोषी को सजा सुनाए जाने की उम्मीद लगाए बैठी मां को शुक्रवार को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। अदालत में 13 नवंबर को प्रस्तावित सजा के फैसले को टालते हुए अगली सुनवाई के लिए 27 नवंबर की तारीख तय कर दी गई।

तारीख आगे बढ़ने की खबर सुनते ही सिया की मां रक्षा देवी अपने आंसू नहीं रोक पाईं और फफक-फफक कर रोने लगीं। पिछले सात महीनों से बेटी को न्याय दिलाने की उम्मीद लगाए बैठा परिवार सुबह से ही अदालत के फैसले का इंतजार कर रहा था।

परिजनों को उम्मीद थी कि 13 नवंबर को दोषी विकास पटियाल की सजा का ऐलान हो जाएगा, लेकिन सुनवाई आगे बढ़ने से उनकी उम्मीदों को एक बार फिर झटका लगा। गौरतलब है कि अदालत ने 6 नवंबर को विकास पटियाल को सिया हत्याकांड में दोषी करार दिया था।

मां बोलीं- मेरी बेटी के हत्यारे को फांसी होनी चाहिए

सिया की मां रक्षा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी फूल जैसी बेटी की हत्या करने वाले दोषी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि दोषी को ऐसी सजा मिले, जिससे भविष्य में कोई भी किसी दूसरी बेटी के साथ ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे।

मां का कहना है कि उन्हें उम्रकैद नहीं, बल्कि फांसी की सजा से ही न्याय मिलेगा। बेटी को खोने का दर्द उनके शब्दों और आंसुओं में साफ झलक रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि शुक्रवार को सजा का ऐलान होने से उन्हें न्याय की दिशा में एक बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन तारीख बढ़ने से उनकी पीड़ा और इंतजार दोनों बढ़ गए।

सुबह से फोन पर टिकी थीं परिजनों की निगाहें

सिया की चाची कुशुम लता ने बताया कि परिवार के सदस्य सुबह से ही फोन पर अदालत के फैसले से जुड़ी जानकारी का इंतजार कर रहे थे। सभी को उम्मीद थी कि 13 नवंबर को दोषी की सजा तय हो जाएगी। लेकिन सुनवाई की तारीख आगे बढ़ने की सूचना से परिवार को काफी निराशा हुई।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब अदालत दोषी को करार दे चुकी है तो सजा सुनाने में इतना समय क्यों लग रहा है। परिवार के सदस्य पिछले कई महीनों से न्याय की आस में इंतजार कर रहे हैं।

दादी बोलीं- पोती के हत्यारे को फांसी की सजा मिले

सिया की दादी रंजना देवी ने भी दोषी के लिए फांसी की सजा की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोषी को अपनी आंखों से यहां घूमते-फिरते देखा है। पोती को खोने का दर्द बयां करते हुए उन्होंने कहा कि उसकी हत्या करने वाले को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

दोषी के पिता भी फोन पर फूट-फूटकर रोए

इस मामले में शुक्रवार का दिन केवल पीड़ित परिवार के लिए ही भावनात्मक नहीं रहा, बल्कि दोषी विकास पटियाल के परिवार पर भी इसका असर दिखाई दिया। जब दोषी के पिता कंवर सिंह पटियाल से अदालत में सजा का फैसला सुनने के लिए आने के बारे में पूछा गया तो वह फोन पर ही भावुक हो गए।

उनका गला भर आया और उन्होंने कहा, “मुझमें अदालत का फैसला सुनने की हिम्मत नहीं है। मैं क्या करूं, कुछ समझ नहीं आ रहा।” एक ओर सिया की मां अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए रो रही थीं, वहीं दूसरी ओर दोषी के पिता बेटे को सजा सुनाए जाने की आशंका से भावुक थे।

डर के साये में जी रहा परिवार, बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल

सिया के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से ही परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है।

परिजन अब 27 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई से उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनकी मांग है कि अदालत जल्द सजा सुनाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

सरकाघाट में पूरे दिन होती रही मामले की चर्चा

शुक्रवार को सरकाघाट संयुक्त कार्यालय परिसर में सुनवाई के दौरान पूरे शहर में सिया हत्याकांड को लेकर चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय लोग सुबह से ही चाय की दुकानों और टपरियों पर खड़े होकर दोषी के न्यायालय पहुंचने और फैसले का इंतजार कर रहे थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुरुआती एक-दो पेशियों के दौरान पुलिस की गाड़ी परिसर के बाहर खड़ी की जाती थी। हालांकि, लोगों द्वारा लगातार वीडियो बनाए जाने के बाद पुलिस ने गाड़ी परिसर के अंदर खड़ी करना शुरू कर दिया। इसके बाद दोषी को बिना किसी शोर-शराबे के सीधे न्यायालय में पेश किया जाने लगा।

फिलहाल, सिया का परिवार 27 नवंबर की तारीख का इंतजार कर रहा है। बेटी को खोने का दर्द और न्याय मिलने की उम्मीद के बीच परिजनों की निगाहें अब अदालत के अगले फैसले पर टिकी हैं।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

नौकरी का मौका! सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 60 पदों के लिए 17 नवंबर को इंटरव्यू

हिमाचल में सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 60 पदों...