चम्बा – भूषण गुरुंग
जिला चम्बा के डलहौज़ी थाना प्रभारी बाबू राम ने डलहौजी थाना का कार्यभार संभाल लिया है और अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। इससे पहले बाबू राम किहार और भरमौर थाना में बतौर थाना प्रभारी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, विशेषकर चिट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाना अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी तथा इस दिशा में आमजन का सहयोग भी लिया जाएगा।
थाना प्रभारी ने कहा कि पर्यटन नगरी डलहौजी की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए भी विशेष कदम उठाए जाएंगे। अनावश्यक पार्किंग, यातायात नियमों की अवहेलना और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के साथ पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध करवाने पर ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डलहौजी की अपनी एक अलग पहचान और गरिमा है। पर्यटन नगरी की गरिमा बनाए रखने, पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।



