हिमाचल प्रदेश के बद्दी में 8 वर्षीय दीपिका हत्याकांड में आरोपी महिला को उपचार के लिए शिमला भेजने के आदेश दिए गए हैं, मामले में 16 अक्टूबर को फिर पेशी होगी।
सोलन – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित धखनुमाजरा की चमन कॉलोनी में 8 वर्षीय बच्ची दीपिका की हत्या के मामले में आरोपी पूनम कुमारी को मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी महिला को उपचार एवं उचित देखभाल के लिए शिमला के बालूगंज स्थित HHMHR में भर्ती करवाने के आदेश जारी किए हैं।
न्यायालय ने निर्देश दिए हैं कि आरोपी महिला को सुरक्षित अभिरक्षा में संबंधित संस्थान में भर्ती करवाया जाए। साथ ही, उसकी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट के साथ 16 अक्टूबर 2026 को दोबारा न्यायालय के समक्ष पेश किया जाए। अब आरोपी की चिकित्सा और देखभाल से संबंधित रिपोर्ट आगामी सुनवाई में प्रस्तुत की जाएगी।
वहीं, मृतक बच्ची दीपिका के शव का AIIMS बिलासपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस घटनाक्रम के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
बद्दी पुलिस के अनुसार, मामले की निष्पक्षता और गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल, मामले में आगे का अन्वेषण जारी है।

