
ऊना – अमित शर्मा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सरकारी स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल के टीचर को गिरफ्तार किया गया. अब लगातार टीचर की गिरफ्तारी का विरोध हो रहा है. हालांकि, आरोपी टीचर को जमानत मिल गई है. लेकिन मामले ने तूल पकड़ा है और शिक्षक के पक्ष में स्कूली बच्चों के बाद अब ग्रामीण भी उतर आए हैं.
गुरुवार को क्षेत्र की तीन पंचायतों के ग्रामीणों ने शिक्षक के पक्ष में प्रदर्शन किया और कहा कि शिक्षक को फंसाया गया है. इस दौरान पक्ष में उतरे लोग सड़क पर प्रदर्शन करते हुए दिखे.
जानकारी के अनुसार, शिकायत के बाद पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ है और इस विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा है. गुरुवार सुबह से ही स्थानीय लोग करीब तीन पंचायतों के नेतृत्व में स्कूल परिसर के पास आकर नारेबाजी करने लगे और इंसाफ के लिए प्रशासन से गुहार लगाने लगे.
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने एक शिकायत पत्र पर ही अध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया, जबकि मामले की हकीकत को जांचा तक नहीं गया. यदि ऐसे ही पॉक्सो एक्ट में मामले दर्ज होते चले गए, तो इस एक्ट का लोग गलत फायदा उठाएंगे.
शिक्षक को बताया बेकसूर
ग्रामीणों का कहना है कि छात्रा द्वारा जो आरोप अध्यापक पर लगाए गए हैं, वह निराधार है. अध्यापक इस मामले बेकसूर है, उसे साजिश के तहत फंसाया गया है. उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस मामले में अध्यापक के खिलाफ दर्ज मामले को रद्द किया जाए. स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि मामला पूरी तरह से झूठा है. यदि अध्यापक को अपना पक्ष सही से रखने का मौका दिया जाए, तो सारी स्थिति साफ हो जाएगी.
पुलिस ने दिया जांच का भरोसा
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को इस मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. तहसीलदार रोहित कंवर व डीएसपी वसुधा सूद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत करवाया जा रहा है. डॉ वसूधा सूद ने कहा कि पुलिस इस मामले सभी पहलुओं पर गंभीरता से जाँच कर रही है. पीडि़ता के कोर्ट के समक्ष ब्यान करवाए गए हैं.
