
ज्वाली/भलाड – शिबू ठाकुर
दो विधायकों के छिटकने से छटपटा रही कांग्रेस ने कांगड़ा में बड़ा दांव खेला है। पूर्व सांसद चंद्र कुमार को पार्टी अहम ओहदे पर ले आई है। पवन काजल के जवाब में ओबीसी चेहरे के रूप में चंद्र कुमार अब विधानसभा चुनाव समिति में शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस चुनाव समिति का कुनबा भी बढ़ गया है। इस सूची में 19 नेता शामिल हैं। पहली मर्तबा दिल्ली से जारी सूची में 14 नेताओं के नाम थे।
महज 48 घंटे में दिल्ली ने बड़ा बदलाव किया है और वे नेता, जो पहली बार में छूट गए थे, उन्हें अब सूची में लाया गया है। पवन काजल की भरपाई कांग्रेस अब यहां ओबीसी के दूसरे बड़े चेहरे चंद्र कुमार के रूप में कर रही है। इसके अलावा जिन अन्य चार नामों को शामिल किया गया है, उनमें सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान शामिल हैं।
तीन अन्य नेताओं में कुलदीप कुमार, जगत सिंह नेगी और सुरेश चंदेल अब इस समिति का हिस्सा होंगे। कांग्रेस ने अब तक 19 नेताओं की टीम चुनाव समिति के तौर पर बनाई है। सभी नेताओं को लेकर आदेश दिल्ली से जारी हुए हैं। टीम में शामिल सदस्य आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मुख्य रणनीतिकार होंगे और ज्यादातर उन्हीं नामों को समिति में जगह दी गई है जो कांग्रेस में बड़े चेहरे हैं और अपने विधानसभा क्षेत्रों में अच्छा-खासा रसूख रखते हैं।
हालांकि विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने समिति में विस्तार किया है। पांच नेताओं को शामिल किया गया है, जबकि इससे पूर्व 14 नेताओं की सूची जारी हुई थी। कांग्रेस की नई सूची में वरिष्ठ नेता चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, कुलदीप कुमार, जगत सिंह नेगी और सुरेश चंदेल को शामिल किया गया है।
इससे पूर्व इस समिति प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, पूर्व सांसद आनंद शर्मा, प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत विप्लव ठाकुर, आशा कुमारी, कौल सिंह, कुलदीप राठौर, धनी राम शांडिल, रामलाल ठाकुर, हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा, विनय कुमार और रजनीश किमटा को शामिल किया गया था।
इस संबंध में कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने अधिसूचना जारी की है। उन्होंने बताया कि इस समिति में शामिल नए नेताओं को लेकर आदेश राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से जारी किए गए हैं। फिलहाल, अब कांग्रेस के पास प्रदेश में कुल 19 नेताओं की टीम बन चुकी है। यह टीम आगामी चुनावों को रणनीति तैयार करने का काम करेगी।
दो विधायक टूटे, दिल्ली में होगा कांग्रेस का चिंतन
कांग्रेस विधायक दल से दो विधायकों के भाजपा में जाने के बाद विपक्षी दल अलर्ट हो गया है। इस घटना को कांग्रेस हाईकमान ने भी गंभीरता से लिया है। यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को दिल्ली बुलाया गया है।
प्रतिभा सिंह दिल्ली पहुंच गई हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष शनिवार को दिल्ली पहुंच जाएंगे। दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और हाईकमान के अन्य नेताओं के साथ चर्चा होनी है और उसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।
दरअसल कांग्रेस इन दो विधायकों के जाने के बाद अन्य उन सभी विधायकों पर नजर रखना चाहती है, जो भाजपा में जा सकते हैं। विधायकों के अलावा अन्य पदाधिकारियों या पूर्व मंत्रियों पर भी अब नजर रहेगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले कांगड़ा से विधायक पवन काजल और नालागढ़ से विधायक लखविंदर सिंह राणा कांग्रेस को छोडक़र भाजपा में शामिल हो गए थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली भाजपा मुख्यालय में इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।
इसके बाद कांग्रेस में कई तरह की हलचल हुई है। कांग्रेस नेताओं में खेमे बंदी खत्म करने और इस खेमेबंदी से परेशान विधायकों या नेताओं से संवाद स्थापित करने की दिशा में आप पार्टी बढ़ेगी।
