
मंडी – नरेश कुमार
हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. आलम यह है कि यहां पर एक दस साल के बच्चे की मौत और अलग-अलग जगह भूस्खलन की वजह से 15 लोग लापता हैं. फिलहाल, जिले में बारिश से जनजीवन थम गया है.
जानकारी के अनुसार, मंडी जिला के कटोला क्षेत्र से कुछ आगे सेगली गांव में बाढ़ आने से 5 से 6 लोगों के लापता होने की आशंका है और एक 10 वर्षीय बच्चे का शव भी बरामद हुआ है. प्रशासन सभी लापता लोगों को ढूंढने का प्रयास कर रहा है. मंडी के हणोगी क्षेत्र में घर पर भारी लैंडलाइन होने के कारण 2 से 3 लोगों के दबे होने की खबर है.
इसके साथ ही हणोगी क्षेत्र में एक ट्रक पर पत्थर गिरने के कारण ट्रक को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात है कि ट्रक चालक सुरक्षित है. इसके साथ ही सराज क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से एक महिला भी लापता हो गई है. इसके साथ ही जिला में लगातार हो रही बारिश के कारण नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद है और कई संपर्क मार्ग भी टूटने के साथ-साथ बंद पड़े हैं.
क्या बोले मंडी के डीसी अरिंदम चौधरी
डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया कि जिला में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह से नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं. उन्होंने बताया कि सेगली गांव में फ्लैश फ्लड के कारण बाढ़ की चपेट में आने से 5 से 6 लोग लापता हो गए हैं. और एक 10 वर्षीय बच्चे का शव भी बरामद हुआ. इसके साथ ही नेशनल हाईवे के साथ कई संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं.
उपायुक्त ने सभी लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए नदी-नालों के पास न जाने की हिदायत दी है। उन्होंने आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र मंडी के दूरभाष नम्बर 01905-226201, 202, 203, 204 अथवा टोल फ्री 1077 नम्बर पर सूचित करें.
