
कांगड़ा – राजीव जसवाल
बुधवार को गगल में एक अन्य राज्य के मुस्लिम व्यक्ति आरिफ मुहम्मद ने 10 वर्षीय बच्ची का गला घोटने की कोशिश की थी। मामले को लेकर वीरवार को बजरंग दल, करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भारतीय, अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय महासचिव रिशु शर्मा तथा जिला परिषद सदस्य जोगिंदर सिंह पंकु के नेतृत्व में गग्गल चौक से लेकर पुलिस थाने तक विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनों ने कहा कि अन्य राज्य के लोगों की प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियां हिमाचल की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। इसलिए प्रशासन व सरकार को चाहिए कि प्रदेश में अन्य राज्य के लोग जो फेरियां लगाकर घूमते हैं, उनके हिमाचल के प्रवेश द्वार पर ही प्रतिबंध लगा दिया जाए।
बिना वेरिफिकेशन किराये पर अन्य राज्य के व्यक्ति ठहराने वालों पर होगी कार्रवाई
इस अवसर पर कांगड़ा के डीएसपी सुनील राणा ने स्पष्ट किया कि बिना वेरिफिकेशन के जिन घरों में अन्य राज्य के लोग किराये पर रह रहे हैं उन मकान मालिकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति इलाके में घूमता नजर आता है तो इसकी सूचना शीघ्र पुलिस को दें।
डीएसपी सुनील राणा ने गग्गल पुलिस थाना के प्रभारी पुष्प राज को भी आगाह किया है कि जिन घरों में बिना रजिस्ट्रेशन से अन्य राज्य के लोग रह रहे हैं उन्हें गगल से बाहर भगाएं और उन पर कड़ी नजर रखें, ताकि आगे यह कोई घटना को अंजाम न दे सकें।
यह है पूरा मामला
अन्य राज्य के युवक ने बुधवार को गला दबाकर लड़की को मारने का प्रयास किया। लड़की के शोर मचाने पर स्वजन ने आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले किया।
उत्तर प्रदेश निवासी आरिफ गगल में रहता है और वह बुधवार को एक घर में घुस गया। घर में घुसते ही उसने लड़की का गला दबाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही लड़की के स्वजन और अन्य लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
गगल पुलिस थाना प्रभारी भूपी सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्रवासी किरायेदारों की सूचना पुलिस को जरूर दें। व्यापार मंडल के प्रधान देवेंद्र कोहली ने कहा कि अन्य राज्य का कोई भी व्यक्ति जब तक थाने में पंजीकरण नहीं करवाएगा तब तक वह सामान नहीं बेच पाएगा।
