
कुल्लू – आदित्य
कुल्लू जिले के मनाली में सोलंग गांव के लिए बना अस्थायी पुल सोमवार को टूट गया। पुल पार कर रहे कुछ लोग ब्यास नदी में बह गए। गोशाल गांव में सराणी मेला लगा हुआ है जिस कारण घाटी के सैकड़ों लोग अपने रिश्तेदारों के साथ गांव की खुशियां मनाने आए थे।
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद लोग घरों की ओर वापस हो रहे थे कि अचानक पुल पार करते हुए पुल टूट गया और कुछ लोग बाढ़ में बह गए। मेले को देखते हुए ग्रामीणों ने दो दिन पहले ही अस्थायी पुल बनाया था, लेकिन रात को आई बाढ़ से पुल कमजोर हो गया था। खतरे से अनजान लोग पुल को आर पार कर रहे थे।
हालांकि बाढ़ में बह गए लोगों की सही जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन लोगों का कहना है कि तीन लोग पानी में बहते हुए दिखे हैं।
पांच साल से पुल निर्माण की मांग
यह वही गांव है जिस गांव के ग्रामीण पांच साल से पुल का जल्द निर्माण करवाने की मांग कर रहे हैं। मजबूर ग्रामीण चुनावों का बहिष्कार भी कर चुके हैं, लेकिन किसी के कान पर कोई जूं नहीं रेंग रही। ठेकेदार पिछले सात साल से पुल को तैयार नहीं करवा पाया है।
मनाली एसडीएम डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई है। बाढ़ में कितने लोग बहे हैं उसकी जानकारी ली जा रही है।
