
धर्मशाला – राजीव जसबाल
नाबालिग से दुष्कर्म करने के दो दोषियों को न्यायालय ने 20 साल के कठोर कैद की सजा सुनाई है। दुष्कर्म के दोषियों ने खेतों में बैल ढूंढने गई नाबालिग से दुष्कर्म किया था। दोषियों को यह सजा विशेष न्यायाधीश कांता वर्मा की अदालत ने सुनाई है।
मामले की पैरवी कर रहे विशेष सरकारी वकील रामदेव चौधरी ने बताया कि पुलिस थाना धर्मशाला के तहत वर्ष 2015 में पीड़ित के परिजनों ने दो लोगों पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
शिकायत में कहा गया था कि पीड़िता का बैल गुम हो गया था, उसे ढूंढने के लिए वह अपनी सहेली के साथ खेतों की तरफ गई थी। पीड़िता को अकेला देखकर दोषी रमेश और राकेश ने शराब के नशे में धुत होकर पीड़िता के साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया।
इस दौरान उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं, पीड़िता ने इस बारे में घर में बताया और थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने छानबीन के दौरान अदालत में चालान पेश किया।
इस मामले के आरोपी बुद्धि सिंह उर्फ रमेश चंद और राकेश कुमार निवासी कस्बा नरवाना को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने उन्हें विभिन्न धाराओं के तहत सजा और जुर्माना राशि अदा करने भी निर्देश दिए हैं।
वहीं, जुर्माना अदा न करने की सूरत में दोषियों को दो माह का अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा। इस मामले में सरकारी वकील रामदेव चौधरी की ओर से 22 गवाहों को पेश किया गया।
