
पालमपुर – बर्फू
शिव नगरी बैजनाथ पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को कई घोषणाएं की। उन्होंने चढि़यार में डिग्री कालेज खोलने की घोषणा कर लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर दी है।
चढि़यार के विद्यार्थियों को कालेज की पढ़ाई के लिए बैजनाथ, पालमपुर या जयसिंहपुर जाना पड़ता है। चढि़यार में कालेज खुलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बैजनाथ शिव मंदिर को खीर गंगा घाट से जोड़ने के लिए लिफ्ट लगाने की घोषणा की और लोक निर्माण विभाग को एस्टीमेट बनाकर जल्द सरकार को भेजने के निर्देश दिए। खीर गंगा घाट में लिफ्ट लग जाती है तो यह पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम होगा।
मुख्यमंत्री ने बैजनाथ के चार स्कूलों को अपग्रेड करने की घोषणा कर कई इलाकों को तोहफा दिया है। इनमें उच्च विद्यालय धानग व जंडपुर, माध्यमिक विद्यालय पंजाला, प्राथमिक पाठशाला लौट शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने चढि़यार स्कूल में विज्ञान प्रयोगशाला बनाने की भी घोषणा की।
चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री ने बैजनाथ में 240.31 करोड़ से होने वाले 20 कार्यो का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को खीर गंगा घाट के सामने बने सीतारमणी आश्रम को पुल से जोड़ने के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए।
कंदराल के महेशगढ़ गांव की सड़क का नाम बलिदानी राकेश कुमार के नाम पर करने और इसे जल्द ठीक करने को भी कहा है। बैजनाथ की तीन पंचायतें लंबागांव व पंचरुखी की सात पंचायतें बैजनाथ ब्लाक से जोड़ने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैजनाथ में रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। मझैरना के समीप खुडली में भी ओवरब्रिज बनाने के लिए प्रविधान करवाया जाएगा।
उन्होंने यहां कर्मचारियों के लिए आवास बनाने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने उतराला-होली सड़क का कार्य शुरू करवा दिया है।
विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने कहा कि सरकार ने बैजनाथ क्षेत्र में लगातार विकास को आगे बढ़ाया है। उक्त घोषणाओं को भी सरकार जल्द पूरा करेगी।
इन कार्यो का हुआ शिलान्यास व उद्घाटन
-बैजनाथ व पपरोला शहर के लिए 48 करोड़ रुपये से बनने वाली पेयजल परियोजना का शिलान्यास।
-बैजनाथ व पपरोला शहर के लिए 68 करोड़ रुपये से बनने वाली मल निकासी परियोजना का शिलान्यास।
-बैजनाथ में 20.59 करोड़ से बनने वाले बस स्टैंड का शिलान्यास।
-बिनवा खड्ड पर 71 मीटर लंबे पुल का उद्घाटन।
-बैजनाथ में 2.93 करोड़ रुपये से बने अग्निशमन विभाग के भवन का उद्घाटन।
-खीर गंगा घाट पर 2.61 करोड़ रुपये से बनी पार्किंग का उद्घाटन
-बैजनाथ में 30 लाख रुपये से बने मुख्यमंत्री लोक भवन का उद्घाटन।
