
शिमला – जसपाल ठाकुर
शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पुलिस भर्ती के पेपर लीक मामले में बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। इसमें हिमाचल पुलिस के आला अधिकारी भी संलिप्त हैं।उन्होंने कहा कि दस से 15 लाख रुपये तक सीटें बेची गईं।
प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। जो लोग शक के दायरे में हैं, सरकार ने उन्हें ही जांच का जिम्मा सौंपा है। ऐसे में कैसे निष्पक्ष जांच हो सकती है।
सोमवार को रोहड़ू में पत्रकार वार्ता के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सांसद प्रतिभा सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने से हिमाचल में कांग्रेस पार्टी में नए रक्त का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ गया है।
विधानसभा चुनाव के लिए बहुत कम समय शेष रहा है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर लड़ाई लड़नी होगी। भाजपा सरकार की नाकामियों को बूथ स्तर तक ले जाना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले अपना घोषणा पत्र लाएगी। इसमें कर्मचारियों, बागवानों, बेरोजगार युवाओं सहित प्रदेश के हर वर्ग की मांगों को जोड़ा जाएगा। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति जिसकी अनुमति देती है, उतनी ही बात घोषणा पत्र में कांग्रेस शामिल करेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बागवानों को सेब का समर्थन मूल्य कश्मीर की तर्ज पर मिलना चाहिए। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस बागवानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य एमआईएस के तहत दिलाएगी।
ये रहे मोजुद
विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, रोहड़ू कांग्रेस के अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला भी उपस्थित रहे।
