
ब्यूरो – रिपोर्ट
मंडी जिले के उपमंडल जोगिंद्रनगर की उपतहसील मकरीड़ी के तहत आती ग्राम पंचायत त्रैम्बली के गांव डुघ में एक पिकअप गाड़ी के खाई में गिरने से 4 लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार पिकअप गाड़ी (एचपी 29बी-8076) सुबह लगभग 10 बजे के आसपास डुघ से मकरीड़ी की ओर जा रही थी।
जब गाड़ी डुघ के पास चढ़ाई चढ़ रही तो अचानक पीछे की तरफ हटी और लगभग 50 मीटर खाई में लुढ़क गई। गाड़ी में चालक सहित 4 लोग सवार थे जोकि हादसे में घायल हो गए।
बस्सी पुलिस चौकी प्रभारी नरेन्द ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर घटना के कारणों का जायजा लिया तथा घायलों को जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया।
इनमें से 2 घायलों को नाजुक हालते के चलते टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मामले की पुष्टि डीएसपी पधर लोकेन्द्र नेगी ने की है।
