
देहरा – आशीष कुमार
उपमंडल के कालेश्वर महादेव में 13 अप्रैल से शुरू हो रहे तीन दिवसीय बैसाखी मेले में मुख्य आकर्षण पंजाबी गायक गुरदास मान होंगे। उनके साथ ही बालीवुड गायिका पल्लवी और मोहित गर्ग भी कार्यक्रम को चार चांद लगाएंगे।
ऐसा पहली बार हो रहा है जब इस मेले में गुरदास मान रंग जमाने आ रहे हैं। प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। रक्कड़ के तहसीलदार अमित शर्मा ने शनिवार को कालेश्वर महादेव पहु़ंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
कालेश्वर महादेव मेले को राज्यस्तरीय दर्जा प्राप्त है। कोरोना संक्रमण की वजह से दो साल तक यहां आयोजन नहीं हो पाया था। इस बार प्रशासन इसे बड़े स्तर पर मनाने जा रहा है।
मेले का शुभारंभ 13 अप्रैल को जसवां परागपुर के विधायक एवं परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह दिन में 11 बजे करेंगे। शाम को कार्यक्रम परागपुर के नजदीक नक्की खड्ड में होगा।
समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर होंगे जबकिम केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
सात से 12 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में गुरदास मान, पल्लवी और मोहित गर्ग प्रस्तुति देंगे। 14 अप्रैल को कालेश्वर महादेव में 11.30 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। मुख्य अतिथि बिक्रम ठाकुर रहेंगे।
शाम सात से दस बजे तक करनैल राणा और कुलविदर बिल्ला लोगों का मनोरंजन करेंगे। 15 अप्रैल को समारोह के समापन में भी मुख्य अतिथि बिक्रम ठाकुर होंगे। दोपहर बाद तीन बजे पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
