
शिमला- जसपाल ठाकुर
स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल ने कहा कि केंद्र सरकार ने आशा सेवा प्रदाताओं की नियुक्ति के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जिसके लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वह बुधवार को शिमला में आशा कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों पर चर्चा और उनके समाधान के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
सैजल ने कहा कि सरकार उन्हें यात्रा भत्ते की सुविधा प्रदान करने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और उन्हें दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में वृद्धि के लिए केंद्र सरकार के साथ भी मामला उठाया जाएगा। उन्हें ईपीएफ के दायरे में कवर करने की संभावना तलाशने के लिए केंद्र के साथ भी मामला उठाया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव स्वास्थ्य अमिताभ अवस्थी, मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल हेमराज बैरवा, आशा कार्यकर्ता संघ की अध्यक्षा अनीता कुमारी व महासचिव आशा लता, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा, कार्यकारी अध्यक्ष धाबे राम, महासचिव यशपाल हेटा, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर और आशा कार्यकर्ता संघ के पदाधिकारी व सदस्य भी उपस्थित थे।
