
16 पंचायतों की 30 हजार आबादी को मिलती हैं सेवाएंं
शाहपुर-नितिश पठानियां
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चड़ी पर क्षेत्र की 16 पंचायतों की 25 से 30 हजार जनता स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु आश्रित है। पिछले चार साल से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चड़ी का दर्जा बढ़ाकर इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग क्षेत्रवासी करते आ रहे है, लेकिन अभी तक हजारों क्षेत्रवासियों की मांग पर गौर नहीं किया है।
जिला परिषद सदस्य पंकज कुमार पंकू ने विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने एक सप्ताह का अल्टीमेटम भी सीएचसी चड़ी बनाने को दे दिया है। ऐसा न करने पर आठवें दिन सड़कों पर उतरकर बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
चड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देने से चड़ी, घरोह, मैटी, सुधेड़, लांझणी, कल्याड़ा, बंडी, नागनपट्ट, डढंब, अनसुई, धनोटू, भितलू, घेरा, करेरी सहित आधे धारकंडी क्षेत्र को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। वर्तमान में कोरोना का दौर चल रहा है, और कोरोना की तीसरी लहर का अंदेशा भी जताया जा रहा है।
लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले वर्ष जब कोरोना मामले बढ़े थे, उस समय क्षेत्र के कई लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी, क्योंकि इससे पहले उन्हें जोनल अस्पताल धर्मशाला या डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज अस्पताल टांडा पहुंचाया जाता, उनकी मौत हो गई।
चड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया जाता है तो क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं चड़ी में उपलब्ध हो सकेंगी तथा जनता को धर्मशाला या टांडा मेडिकल कालेज जाने से निजात मिलेगी।
चड़ी जिला परिषद वार्ड से जिला पार्षद पंकज कुमार पंकू सहित आधा दर्जन के करीब जन प्रतिनिधियों व पूर्व प्रधान-उपप्रधानों ने कहा कि हमारा आपसे आग्रह है कि पिछले लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर जल्द गौर करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चड़ी का दर्जा बढ़ाकर इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने बारे आदेश जारी करें।
यदि एक सप्ताह के भीतर इस दिशा में कोई कार्रवाई आपकी ओर से नहीं की जाती है, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चड़ी की तालाबंदी कर दी जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रदेश सरकार की होगी। पहले भी लगातार इस बारे क्षेत्रवासी आपसे इस बारे में मांग उठा चुके हैं।
