
मंडी- नरेश कुमार
मंडी जिला के जोगेंद्रनगर में चरस तस्करी के आरोप में पालमपुर निवासी दो आइटीआइ होल्डर्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेला है।
मंडी-पठानकोट एनएच पर हराबाग के नजदीक नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस वाहनों की तलाशी ले रही थी तभी घटासनी से जोगेंद्रनगर की ओर आ रहे आइटीआइ पास दो युवाओं से 1.529 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपितों की पहचान 24 वर्षीय अनीश गांव स्नोह, जिला कांगड़ा और 24 वर्षीय मुनीष गांव हलदरा, तहसील थुरल पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है जो बाइक में सवार होकर चरस की बड़ी खेप की तस्करी कर रहे थे। तो पुलिस थाना के प्रभारी प्रीतम जरियाल, एएसआइ अमर सिंह, पवन कुमार और मुख्य आरक्षी मनवीर सिंह की टीम ने धर दबोचा।
पुलिस थाना के एएसआइ लाल सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवक आइटीआइ से प्रशिक्षित हैं, जिन्हें चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रविवार को दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि चरस तस्करों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि चरस की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई है और कहां इसे सप्लाई करना था इस पर भी पुलिस की जांच जारी है।
