
चम्बा- भूषण गुरुंग
जिला चंबा के मेडिकल कॉलेज में पहली बार बड़ी आंत के कैंसर का सफल ऑपरेशन किया गया है। डेढ़ घंटे तक चली इस ओपन सर्जरी ने महिला को नई जिंदगी दी है।
बता दें कि जिला चंबा के ही चुराह उपमंडल अंतर्गत जुंगरा गांव निवासी हरिलाल की पत्नी सुभद्रा बड़ी आंत में सेकेंड स्टेज कैंसर से पीड़ित थीं।महिला को पेट में काफी तेज दर्द रहता था। इसका जांच बाहर के अस्पतालों में उन्होंने करवाया था। अपने रिपोर्ट के साथ वह चंबा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ रमेश भारती से मिलीं।
डॉ रमेश ने सेकेंड स्टेज कैंसर की पुष्टि करते हुए ऑपरेशन कराने की बात कही। जिसके बाद महिला को बीते 24 अगस्त को ऑपरेशन हेतु एडमिट करवाया गया।जिसके बाद 27 अगस्त को प्राचार्य डॉ रमेश भारती, असिस्टेंट प्रो. राजेश चौधरी, सीनियर रेजिडेंट डॉ. अरविंद, एनेस्थीजिया विभाग के डॉ. प्रवेश तनेजा, असिस्टेंट प्रो. डॉ. सलोनी सूद, सीनियर रेजिडेंट डॉ. सुनील ने ओपन सर्जरी कर डेढ़ घंटे में सफल ऑपरेशन कर महिला को नई जिंदगी दी।ऑपरेशन उपरांत अब महिला के स्वास्थ्य में सुधार है।
मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि पहली बार मेडिकल कॉलेज चंबा में बड़ी आंत के कैंसर का ऑपरेशन किया गया है। इस तरह के ऑपरेशन पहले बड़े शहरों में ही होते थे।
