
मंडी- नरेश कुमार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी छोटी काशी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर राज्यस्तरीय समारोह में आज तिरंगा फहराया। वह परिधि गृह मंडी से 11 बजे समारोह स्थल सेरी मंच पहुंचे। 11 बजकर दो मिनट पर ध्वजारोहण किया। 11 बजकर 5 मिनट पर परेड का निरीक्षण किया।
परेड कमांडर डीएसपी प्रोबेशनर मंडी प्रणव चौहान की अगुआई में मार्चपास्ट की सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों को राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इसमें सिविल सर्विसज व गौरव पुरस्कार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल के चार लाख कर्मचारियों व पेंशनरों को एक जुलाई 2021 से छह प्रतिशत डीए देने की घोषणा की। प्रदेश के चार लाख कर्मचारी व पेंशनर लाभान्वित होंगे। नगर निगम मंडी को 15 करोड़ की सौगात दी है। कर्मचारियों के अनुबंध व पेंशन पर भी जल्द चर्चा करने की सीएम ने बात कही। जेसीसी का आयोजन जल्द होगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा हिमाचल वीरों की भूमि है, कठिन समय में यहां के वीरों ने देश को राह दिखाई है। मोदी सरकार के निर्णय से आज देश कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक सूत्र में बंधा है। राम मंदिर का भी समाधान हुआ है। कोविड महामारी ने डेढ़ साल बर्बाद किए।
सरकार जिस गति से विकास करना चाहती थी उसमें कोरोना महामारी बाधा बनी है। कोविड टीकाकरण में हिमाचल देश में पहले स्थान पर है, इसमें स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों का अहम योगदान है। सत्ता में आते ही पहले दिन से काम करने का प्रयास किया। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किया, बदले की भावना से काम नहीं किया है।
इसके बाद विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए छोटी काशी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात किए गए थे। समारोह स्थल में बिना जांच व पास किसी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर पाया। खालिस्तानी समर्थकों की धमकियों के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा कड़ी रही।
प्रदेश पुलिस को भेंट किए 34 वाहन
मुख्यमंत्री प्रदेश पुलिस को 34 गाड़ियां प्रदान की। मुख्यमंत्री ने हरी झंडी देकर इन वाहनों के काफिले को रवाना किया। इसके उपरांत यह वाहन औपचारिक तौर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस के बेडे़ में शामिल हो गए। यह वाहन हिमाचल प्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों एवं जिलों को प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कारगिल युद्ध के हीरो परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार, पर्वतारोहण क्षेत्र में नाम कमाने वाले और सेना मेडल से सम्मानित किन्नौर के सांगला निवासी सूबेदार मेजर बलवंत सिंह, बांस की छोटी छोटी तिल्लियों से शीशे की बोतल में एफिल टावर समेत नामी हस्तियों की पेंटिंग बनाने वाले नादौन निवासी पद्मश्री करतार सिंह सोंखले और कोल बांध में डूब रहे शाकरा के मीन चंद को बचाने वाले करसोग हलके के तत्तापानी निवासी राहुल रैना को हिमाचल गौरव पुरस्कार प्रदान किए।
कृषि निदेशक डा.आरके परूथी को प्रेरणा स्रोत सम्मान दिया गया। कोविड काल में स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरीन प्रबंधों के लिए डा. निपुण जिंदल व आशुतोष गर्ग को सिविल सेवा अवार्ड दिया गया। बीडीओ गोहर रहे निशांत शर्मा को मनरेगा को पर्यटन से जोड़ने के लिए यह पुरस्कार दिया गया।
