हिमाचल प्रदेश में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, जर्मनी में शुरू हुई प्रेम कहानी पहाड़ों तक पहुंची, जहां प्रधान की बेटी ने विदेशी दूल्हे थॉमस संग सात फेरे लिए, बीयर लेकर नाचते बाराती बने आकर्षण का केंद्र।
मंडी – हिमखबर डेस्क
कहते हैं कि प्यार की कोई सरहद नहीं होती। ऐसा ही कुछ देखने को मिला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में, जहां जर्मनी में शुरू हुई एक प्रेम कहानी शादी के खूबसूरत बंधन में बदल गई। करसोग की कुट्टी क्षेत्र की रहने वाली नेहा ने इंग्लैंड के थॉमस के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। इस अनोखी शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं।
एक ही यूनिवर्सिटी में काम करते हुए शुरू हुई प्रेम कहानी
नेहा और थॉमस की मुलाकात जर्मनी में हुई थी। दोनों एक ही यूनिवर्सिटी में नौकरी करते थे। साथ काम करने के दौरान पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। कुछ समय साथ बिताने के बाद दोनों ने जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का फैसला किया। परिवारों की सहमति मिलने के बाद इस रिश्ते को शादी के बंधन में बांधने की तैयारी शुरू हुई।
इंग्लैंड से बारात लेकर हिमाचल पहुंचा दूल्हा
अपने प्यार को शादी का नाम देने के लिए थॉमस इंग्लैंड से बारात लेकर हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग पहुंचे। यहां पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों और हिंदू विवाह की रस्मों के साथ नेहा और थॉमस का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस शादी में इंग्लैंड से आए मेहमानों के लिए हिमाचली संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का भी खास अवसर रहा।
पालकी में डांस और पहाड़ी गानों पर थिरके विदेशी मेहमान
शादी का सबसे खास नजारा तब देखने को मिला, जब दूल्हे के भाई ने पालकी में बैठकर जमकर डांस किया। वहीं, इंग्लैंड से आए मेहमान भी पहाड़ी गानों की धुन पर खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। विदेशी बारातियों ने पारंपरिक हिमाचली टोपी पहनकर नाटी डाली और स्थानीय संस्कृति के रंग में पूरी तरह रंगे नजर आए। बारातियों के इस अंदाज ने शादी को और भी यादगार बना दिया।
भारतीय सेना से रिटायर हैं नेहा के पिता
बताया जा रहा है कि नेहा के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में पंचायत प्रधान के पद पर कार्यरत हैं। नेहा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई करसोग के एक निजी स्कूल से की थी। करीब सात साल पहले वह उच्च शिक्षा (Higher Studies) के लिए जर्मनी गई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात थॉमस से हुई और दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।
हिमाचल की खूबसूरत वादियों में संपन्न हुई यह शादी दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के मिलन की खूबसूरत मिसाल बन गई। विदेशी मेहमानों का हिमाचली परंपराओं के प्रति उत्साह और पहाड़ी रंग में रंगा उनका अंदाज इस विवाह को खास बना गया।

