एक विवाहिता ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने की शिकायत पुलिस से की है, शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सहित दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
पुलिस थाना तीसा में एक विवाहिता को फोन पर मानसिक तौर पर परेशान करने, निजी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा अन्य लोगों के साथ सांझा करने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
पीड़िता की शिकायत पर तीसा पुलिस ने आरोपी पति सहित 2 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका पति उसे लगातार फोन करके परेशान कर रहा है।
पति द्वारा उसे डराया-धमकाया जा रहा है कि वह उसकी तस्वीरें और वीडियो अन्य लोगों को भेज देगा। इसके अलावा मामले में शामिल एक अन्य व्यक्ति ने भी उसे फोन कर बेहद अश्लील व अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद से उसे लगातार अलग-अलग अज्ञात नंबरों से बार-बार कॉल्स आ रही हैं, जिस कारण वह मानसिक तनाव के दौर से गुजर रही है। मामले की पुष्टि एसपी विजय कुमार सकलानी ने की है।

