हिमाचल में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे ने पिता की आंखों में मिर्ची डालकर उनके साथ मारपीट की, जबकि बहू पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
हिमखबर डेस्क
जोगेंद्रनगर उपमंडल के मुशैहरा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बेरहमी से पिटाई की।
इस खौफनाक कृत्य में बहू पर भी हाथ बांधकर सहयोग करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पिता ने जोगेंद्रनगर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित लेखराज रात के समय अपने कमरे में सो रहा था।
इसी दौरान उसका बेटा राहुल अचानक वहां पहुंचा और पिता की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। आंखों में जलन और अंधेरे का फायदा उठाकर राहुल ने बुजुर्ग पिता पर हमला बोल दिया और बेरहमी से पीटने लगा।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि पिटाई के दौरान राहुल की पत्नी ममता ने भी साथ दिया। ममता ने बुजुर्ग लेखराज के दोनों हाथ मजबूती से बांध दिए, ताकि वह बचाव न कर सकें।
इस दौरान लेखराज के सिर से गंभीर चोट के कारण काफी खून बहने लगा। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। जोगेंद्रनगर पुलिस ने पीड़ित लेखराज की शिकायत के आधार पर आरोपी बेटे राहुल और बहू ममता के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

