Home हिमाचल चम्बा बकलोह में गोरखा समाज ने धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन, देश-विदेश से बहनों...

बकलोह में गोरखा समाज ने धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन, देश-विदेश से बहनों के घर पहुंचे भाई

1117

चंबा के भटियात क्षेत्र के बकलोह में गोरखा समाज ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रक्षाबंधन मनाया। देश-विदेश से भाई बहनों के घर पहुंचे और रक्षा सूत्र बंधवाया।

चम्बा – भूषण गुरुंग

जिला चंबा के भटियात क्षेत्र के बकलोह में हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले गोरखा समाज के लोगों ने रक्षाबंधन का त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान भाई-बहन के प्रेम और आपसी स्नेह की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

गोरखा समाज में रक्षाबंधन का विशेष महत्व है। त्योहार मनाने के लिए भाई चाहे देश के किसी भी हिस्से में हों या विदेश में, वे अपनी बहनों के पास पहुंचने का प्रयास करते हैं। बहनों ने अपने भाइयों के स्वागत के लिए घरों में तरह-तरह के पारंपरिक मिष्ठान और पसंदीदा व्यंजन तैयार किए।

रक्षाबंधन के अवसर पर सुबह स्नान आदि करने के बाद बहनों ने अपने घर की कुलदेवी और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान का आशीर्वाद लेकर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की।

भाइयों ने भी बहनों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए मिष्ठान और व्यंजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार और नकद राशि देकर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया।

दिनभर घरों में खुशी और उत्सव का माहौल रहा। शाम के समय भाई अपनी बहनों से विदा लेकर अपने-अपने घरों की ओर रवाना हुए। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने गोरखा समाज में भाई-बहन के अटूट प्रेम, पारिवारिक एकता और परंपराओं को और मजबूत किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here