‘चलो चम्बा’ अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित, जिले के मेलों और उत्सवों में पर्यटन विकास को लेकर शामिल की जाएं विभिन्न गतिविधियाँ : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
हिमख़बर डेस्क
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रमुख मेलों एवं उत्सवों में अधिक से अधिक गतिविधियों को शामिल कर चम्बा को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि ‘चलो चम्बा’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा इस अभियान के माध्यम से जिले में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उपायुक्त आज ‘चलो चम्बा’ अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे ।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा एवं पुनरावलोकन किया जाए, ताकि भविष्य में इन्हें और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में आयोजित होने वाले प्रमुख मेलों, उत्सवों एवं पर्यटन कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर उसके अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिला चम्बा प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का अद्भुत संगम है तथा पर्यटन की दृष्टि से यहाँ अपार संभावनाएँ मौजूद हैं। इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि 26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का इस वर्ष उपमंडल स्तर पर भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि मिंजर मेले के शुभारंभ अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मिंजर ध्वज फहराना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी पंचायत प्रधान अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएंगे।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में जिले में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ चुराह उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे साहसिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान वन विभाग द्वारा लमडल तथा दुआट महादेव के लिए विकसित किए जा रहे ट्रैक रूट के तहत प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने वन विभाग को खब्बी धार के लिए प्रस्तावित ट्रैक रूट का प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
वहीं जिला विकास अधिकारी को स्वच्छ भारत मिशन के तहत खब्बी धार में पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालयों के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की स्वच्छता एवं प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए जिले में वर्ष 2025-26 के दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संचालित की गई विभिन्न गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक में नाट आन मैप के सह-संयोजक मनुज शर्मा ने जिला में जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संस्था की ओर से वर्षभर किए गए प्रयासों और वर्तमान गतिविधियों का एक विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि खजियार, खब्बी धार, साल घाटी, भरमौर, पांगी, चंबा व इसके आसपास के क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि नाट आन मैप अपने स्तर पर भी लगातार कार्य कर रही है और संस्था ने भूटान, नेपाल सहित देश के भोपाल (मध्य प्रदेश) व अन्य प्रमुख स्थानों पर जाकर लोगों को चलो चंबा अभियान के बारे में लोगों को विस्तार से अवगत करवाया है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनौरिया, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, अर्थशास्त्री ग्रामीण विकास विनोद कुमार, वन विभाग से अनुज कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी और नोट ऑन मैप के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

