मंडी में सजेगा बॉलीवुड सितारों का मेला, 3 जुलाई को होगा देवभूमि इंटरनैशनल फिल्म फैस्टीवल का आगाज

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी यानी मंडी शहर एक बार फिर सिनेमा की चकाचौंध और दिग्गज बॉलीवुड सितारों से गुलजार होने वाला है। आगामी 3 से 5 जुलाई तक शहर के मोतीपुर स्थित संस्कृति सदन में तीन दिवसीय देवभूमि इंटरनैशनल फिल्म फैस्टीवल का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

इस महोत्सव में सिर्फ फिल्मों की स्क्रीनिंग ही नहीं होगी, बल्कि युवाओं को बॉलीवुड दिग्गजों से सिनेमा की बारीकियां सीखने का सुनहरा मौका भी मिलेगा। महोत्सव के आयोजक और प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक पवन शर्मा ने पत्रकार वार्ता में इस मेगा इवैंट की पूरी रूपरेखा सांझा की है।

ये बॉलीवुड हस्तियां बढ़ाएंगी मंडी की शान

आयोजक पवन शर्मा ने बताया कि इस तीन दिवसीय कला के महाकुंभ में मायानगरी मुंबई से कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत कर रही हैं। मेहमानों की सूची में मुख्य रूप से आदित्य श्रीवास्तव (मशहूर टीवी शो CID फेम-अभिजीत), संजय मिश्रा (दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता), यशपाल शर्मा (लगान और गंगाजल फेम), राजेश जैस और हेमंत पांडे जैसे बेहतरीन कलाकार शामिल होंगे।

25 चुनिंदा शॉर्ट फिल्मों का होगा प्रदर्शन

इस भव्य फिल्म फेस्टिवल में देश और दुनिया भर की 25 बेहतरीन शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस लिस्ट में हिमाचल प्रदेश के स्थानीय फिल्मकारों द्वारा तैयार की गई शानदार फिल्में भी शामिल की गई हैं, ताकि लोकल टैलेंट को ग्लोबल मंच मिल सके।

फैस्टीवल की अनोखी थीम: ‘हर कोई मेहमान, हर कोई मेजबान’

इस बार फैस्टीवल की थीम बेहद अनूठी रखी गई है। यहां आने वाला हर व्यक्ति अतिथि भी होगा और मेजबान भी। मकसद यह है कि कला और संस्कृति के इस महाकुंभ में हर किसी की बराबर भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। इवैंट में शामिल होने के लिए डेलिगेट पास जारी किए जाएंगे और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

युवाओं के लिए लगेगा सिनेमा का स्कूल 

यह आयोजन सिर्फ फिल्मों को देखने तक सीमित नहीं है। युवाओं और सिनेमा प्रेमियों के लिए यह सीखने का एक बेहतरीन मंच है। फैस्टीवल के दौरान फिल्म निर्माण, अभिनय और पटकथा लेखन की बारीकियां सिखाने के लिए दिग्गज कलाकारों द्वारा मास्टर क्लास और एप्रिसिएशन कोर्स करवाए जाएंगे।

घंटाघर में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिलेगा सम्मान

फैस्टीवल की रौनक सिर्फ संस्कृति सदन तक सीमित नहीं रहेगी। मंडी के ऐतिहासिक घंटाघर परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, साहित्य, कला, लेखन, पत्रकारिता और फोटोग्राफी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को इस बड़े मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा।

मंडी को ग्लोबल पहचान दिलाने के लिए हमेशा प्रयासरत हूं: पवन शर्मा

आयोजक पवन शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि मंडी मेरा गृह क्षेत्र है और मैं अपने शहर को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हूं। आपको बता दें कि यह इस फैस्टीवल का दूसरा संस्करण है। इससे पहले वर्ष 2024 में जनसहयोग से इसका पहला सफल आयोजन किया गया था।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

19 जनवरी को शाहपुर और दरीणी सब स्टेशन के तहत बिजली बंद

शाहपुर - नितिश पठानियां विद्युत उपमंडल शाहपुर के सहायक अभियंता...