बद्दी – रजनीश ठाकुर
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में कूरियर सेवाओं के माध्यम से नशे के लिए दुरुपयोग हो रही दवाओं की सप्लाई का बड़ा मामला सामने आया है। ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस की संयुक्त टीम ने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप स्थित कूरियर कार्यालय में दबिश देकर प्रेगाबालिन 300 एमजी कैप्सूल की बड़ी खेप बरामद की है।
कार्रवाई के दौरान करीब 3290 कैप्सूल जब्त किए गए, जिन्हें कूरियर पार्सलों के माध्यम से कांगड़ा जिला भेजा जा रहा था। मामले के सामने आने के बाद दवा विभाग और पुलिस ने कूरियर नेटवर्क के जरिए चल रही अवैध सप्लाई चेन की जांच तेज कर दी है।
राज्य दवा नियंत्रक डाक्टर मनीष कपूर ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर विकास ठाकुर और अक्षय ठाकुर के नेतृत्व में दवा निरीक्षकों की टीम ने पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कूरियर सेवाओं के जरिए बड़ी मात्रा में ऐसी दवाएं भेजी जा रही हैं, जिनका नशे के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा है। जांच के दौरान पार्सलों से प्रेगाबालिन 300 एमजी के करीब 3290 कैप्सूल बरामद हुए।
डा. कपूर ने बताया कि प्रेगाबालिन एक प्रिस्क्रिप्शन दवा है, लेकिन पिछले कुछ समय से इसका दुरुपयोग तेजी से बढ़ा है। जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त की गई खेप कांगड़ा जिला में एक अनधिकृत व्यक्ति को डिलीवर की जानी थी। संबंधित व्यक्ति को हाल ही में कांगड़ा में ड्रग कंट्रोल विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है।
फार्मास्यूटिकल पार्सलों की विशेष निगरानी
जांच एजेंसियां अब कूरियर सेवाओं के माध्यम से भेजे जा रहे फार्मास्यूटिकल पार्सलों की विशेष निगरानी कर रही हैं। ड्रग कंट्रोल विभाग का मानना है कि हाल के वर्षों में नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं की सप्लाई में कूरियर सेवाओं का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध दवा सप्लाई नेटवर्क का बड़ा खुलासा
विदित रहे कि इससे पहले भी बद्दी में ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2.23 लाख से अधिक नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

