हिमाचल दिवस पर 14 विभूतियों को स्टेट अवार्ड देंगे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कबड्डी खिलाडिय़ों समेत सात को प्रेरणा स्रोत सम्मान, चार को हिमाचल गौरव पुरस्कार भी
हिमखबर डेस्क
हिमाचल सरकार ने इस साल कुल 14 विभूतियों को स्टेट अवार्ड से सम्मानित करने का फैसला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इन सभी को 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस पर रिकांगपिओ में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सम्मानित करेंगे।
राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार मंडी जिला प्रशासन को डीसी अपूर्व देवगन की अगवाई में आपदा राहत के दौरान किए गए काम के लिए सिविल सर्विस अवार्ड दिया जाएगा। निदेशक डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस डॉ. निपुण जिंदल को भी सरकार की योजनाएं लोगों तक ऑनलाइन करने और लाभार्थियों की डुप्लीकेसी खत्म करने के लिए सम्मानित किया जाएगा।

मंडी जिला के बल्ह की एसडीएम एवं एचएएस अधिकारी अधिकारी स्मृतिका नेगी को भी आपदा राहत के दौरान किए गए कार्य के लिए स्टेट सिविल सर्विस अवार्ड दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने इस साल सात लोगों को प्रेरणा स्रोत सम्मान देने का फैसला किया है। इनमें जिला शिमला के भोंट की रहने वाली चारू शर्मा पुत्री हरिराम शर्मा, किन्नौर जिला के यंगथंग की रहने वाली कुमारी छोंजिन अंगमो पुत्री अमरचंद को अवार्ड दिया जाएगा।
कबड्डी नेशनल टीम में चैंपियन बनी हिमाचल की लड़कियों में से रितु नेगी कांडो भटनोल शिलाई, कुमारी साक्षी शर्मा ढकोली शिलाई, कुमारी पुष्पा मेलाह शिलाई, कुमारी भावना देवी चच्चोट मंडी और कुमारी चंपा ठाकुर बघेईगढ़ चुराह चंबा को अवार्ड के लिए चुना गया है।
जहां तक हिमाचल गौरव पुरस्कारों की बात है, तो चार लोगों को ये अवार्ड दिए जाएंगे। इनमें पद्मश्री अवार्ड प्राप्त प्रेमलाल गौत्तम, लिटरेचर में काम करने वाले नादौन से डॉक्टर ओपी शर्मा, चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शिमला के प्रिंसीपल डॉक्टर बृज शर्मा और घुमारवीं के मोरसिंघी की रहने वाली स्नेह लता शामिल हैं। स्नेह लता हैंडबॉल की कोच हैं और नेशनल लेवल के खिलाड़ी तैयार कर चुकी हैं।

