हिमखबर डेस्क
कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट को विस्तार देने की कोशिश में राज्य सरकार ने अब कुछ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है।
प्रधान सचिव पर्यटन ने इसके लिए 09-41-06 हेक्टेयर निजी भूमि का अधिग्रहण करने की अधिसूचना जारी की है। इससे पहले इस प्रोजेक्ट के लिए 122-54-86 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है, जो कुल 14 गांवों में पड़ती है।
हिमाचल प्रदेश भूमि अर्जन, पुनर्वास और पुनस्र्थापना में उचित प्रतिकार और पारदर्शिता अधिकार नियम 2015 के नियम 3 के तहत यह प्रक्रिया शुरू हुई है।
इस लेफ्ट आउट जमीन में 12 मीटर सडक़ के लिए भी कुछ खसरा नंबर जोड़े गए हैं। इस अधिकरण के लिए भी कांगड़ा जिला के शाहपुर और कांगड़ा दोनों उपमंडलों के एसडीएम को ही समाहर्ता नियुक्त किया गया है।
इस लेफ्ट आउट जमीन के लिए जिन खसरा नंबरों को इसमें जोड़ा गया है। उनके मालिक 60 दिनों के भीतर अपने आक्षेप दर्ज करवा सकेंगे।
इससे पहले कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर करीब 2000 करोड़ से ज्यादा के अवार्ड फाइनल किए जा चुके हैं। लोगों को पैसा भी बांटा जा चुका है। इसके लिए राज्य सरकार ने हुडको से फंड का इंतजाम किया था।
इस बीच वित्तीय जरूरतों और भारत सरकार से क्लीयरेंस के इंतजार में राज्य सरकार ने एयरपोर्ट के अवार्ड की अवधि एक साल और बढ़ाई है।
कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर केंद्र सरकार से अभी कोई भी राशि नहीं मिली है और अब तक भूमि अधिग्रहण पर खर्च राशि राज्य सरकार ने जुटाई है।
इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए मैसर्ज वेबकॉस के माध्यम से तैयार की गई ड्राफ्ट डीपीआर की लागत 6300 करोड़ है, जिसका अनुमोदन अभी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया जाना है।
पांच मई, 2025 को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कुछ आपत्तियां इस डीपीआर पर लगाई हैं, जिन्हें डीपीआर बनाने वाली एजेंसी और जिला प्रशासन के माध्यम से दुरुस्त किया है।
अब पता चलेगा कि केंद्र सरकार एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के माध्यम से क्या योगदान एयरपोर्ट में होगा? दूसरी तरफ वित्तीय चुनौतियों को देखते हुए राज्य सरकार ने कांगड़ा एयरपोर्ट का भूमि अधिग्रहण अवार्ड अब 15 अगस्त, 2026 तक आगे बढ़ा दिया है।
अब लेफ्ट आउट जमीन को भी एयरपोर्ट के लिए लिया जा रहा है। कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण का अवार्ड 16 अगस्त, 2024 को नोटिफाई हुआ था।
वर्तमान में गगल हवाई अड्डे की हवाई पट्टी की लंबाई अभी 1376*30 मीटर है। विस्तारीकरण के बाद इस रनवे की लंबाई 3278*45 मीटर हो जाएगी। इससे यहां बड़े विमान को उतारा जा सकेगा और नाइट लैंडिंग भी हो जाएगी।

