हिमखबर डेस्क
जिला मंडी के बल्ह उपमंडल के गुरकोठा क्षेत्र में उप-डाकघर के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। ग्रामीणों का आंदोलन सोमवार को नौवें दिन में प्रवेश कर गया।
इस मुद्दे को लेकर स्थानीय महिला मंडल ने एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया की अगुवाई में एडीसी मंडी से मुलाकात कर प्रदेश सरकार को भी एक ज्ञापन सौंपा।
डाक विभाग और ग्रामीणों के बीच चल रहे इस विवाद के बीच महिला मंडल की महिलाओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। महिलाओं ने उप-डाकघर को गुरकोठा से अन्य स्थान पर स्थानांतरित न करने की मांग को लेकर डाक विभाग के नाम खून से प्रार्थना पत्र लिखा।
उनका दावा है कि 7-8 महिलाओं ने अनुभवी स्वास्थ्य कार्यकर्ता की मदद से सिरिंज के माध्यम से अपना खून निकाला और उससे यह पत्र लिखा, ताकि विभाग ग्रामीणों के लिए इस डाकघर के महत्व को समझ सके।
गुरकोठा महिला मंडल की प्रधान जमना ठाकुर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह पत्र लिखा गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से संचालित डाक सेवा को अचानक किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करना उचित नहीं है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक डाक विभाग इस स्थानांतरण को रद्द नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गुरकोठा के पूर्व उपप्रधान लेख राम ने बताया कि पोस्ट ऑफिस को स्थानांतरित कर दिया गया है, लेकिन लोगों को इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है और ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
एपीएमसी मंडी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया के बोल
एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने कहा कि करीब 70 वर्ष पुराने इस पोस्ट ऑफिस को स्थानांतरित करने से स्थानीय पंचायतों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पोस्ट ऑफिस को यथास्थान ही रखा जाए।
बल्ह विधायक के बोल
वहीं बल्ह विधायक इंदर सिंह गांधी ने बताया कि मंडी से सांसद कंगना रनौत ने भी इस मुद्दे को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष उठाया है, ताकि जनभावनाओं से जुड़े इस विषय पर सकारात्मक समाधान निकल सके।

