शाहपुर प्रेस क्लब के गठन पर नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता ठाकुर, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल और पार्षदों ने पत्रकारों को बधाई दी, उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में अहम भूमिका निभाएगा प्रेस क्लब।
शाहपुर – नितिश पठानियां
शाहपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के सर्वसम्मति से गठन पर नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बबीता ठाकुर, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल सहित पार्षदों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रेस क्लब के गठन को क्षेत्र की पत्रकारिता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करार दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता ठाकुर ने प्रेस क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष आशीष पटियाल, महासचिव विचित्र शर्मा और पूरी कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ-साथ प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने में अहम योगदान देती है।
वहीं, नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने भी प्रेस क्लब के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंच पत्रकारों की एकजुटता, अधिकारों और सम्मान को मजबूत करने के साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने में सहायक साबित होगा।
उन्होंने आशा जताई कि नई कार्यकारिणी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
इसके अलावा नगर पंचायत पार्षद अभिषेक माथुर, अनुपमा, प्रीति, नितिन और विजय गुलरिया ने भी शाहपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को बधाई दी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब आपसी सहयोग और समन्वय के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में नई पहल करेगा तथा शाहपुर की समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाएगा।
नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि शाहपुर प्रेस क्लब भविष्य में पत्रकारों के लिए एक साझा मंच के रूप में कार्य करेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं विकासात्मक मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।

