मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों के दौरान हिमाचल में युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष की करंट लगने से मौत हो गई, हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी का करंट लगने से आकस्मिक निधन हो गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वागत की तैयारियों में जुटे चंद्रमणि की देर रात यह दुखद हादसा हुआ। उनके निधन की खबर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रमणि कुलेठी कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान उन्हें बिजली का करंट लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
चंद्रमणि कुलेठी के आकस्मिक निधन पर पार्टी से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ बिताए समय को याद किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। उनके निधन को युवा कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के कार्यों में सक्रिय रहने वाले चंद्रमणि की असमय मौत से उनके साथियों को गहरा सदमा पहुंचा है।
इस दुखद घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि चंद्रमणि कुलेठी अपने पीछे महज दो साल का बेटा छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों और करीबियों के लिए इस असहनीय क्षति को सहन करना बेहद कठिन है।
चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और मंत्री जगत सिंह नेगी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि चंद्रमणि उनके होली दौरे को लेकर बेहद उत्साहित थे और कई दिनों से कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी लगन से जुटे हुए थे।
वहीं, विक्रमादित्य सिंह ने चंद्रमणि को अपना साथी और प्रिय मित्र बताते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति करार दिया। मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी उनके आकस्मिक निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

