16 वर्षीय किशोरी से जुड़े मामले में वीडियो और नोट के माध्यम से युवक और उसके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है।, आरोपों की पुष्टि और मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगी।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के पुरुवाला थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग की मौत के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतका की ओर से बनाए गए वीडियो और हस्तलिखित नोट में युवक व उसके परिवार पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब से नाबालिग की आत्महत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और मृतका के पिता के बयान दर्ज किए।
घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन और हस्तलिखित नोट भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका ने अपनी मौत से पहले कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे। वीडियो और नोट में उसने पुरुवाला क्षेत्र के एक युवक तथा उसके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
आरोप है कि युवक के पास मृतका की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो थे, जिन्हें लेकर उसे धमकाया जाता था। यह भी आरोप है कि प्रेम संबंध के बाद युवक और उसके परिवार ने जातिगत आधार पर विवाह करने से इनकार कर दिया था। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर के बोल
पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर पुलिस थाना पुरुवाला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो और हस्तलिखित नोट को जांच में शामिल किया है। डीएसपी के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

