शिमला – नितिश पठानियां
शिमला में नौवीं कक्षा की एक छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीडि़ता बिना बताए घर से निकली थी। इस दौरान एक युवक ने छात्रा को बहला-फुसला कर पीडि़ता को अपने पास बुलाया।
परिजनों को जब इस बात का पता चला, तो उन्होंने आरोपी के आवास में पहुंचे और पीडि़ता को बरामद किया। पीडि़ता की मां ने आरोपी के विरूद्व उसकी बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है।
एएसपी शिमला नवदीप सिंह का कहना है पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (1) व पोक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है और शिमला में नाई की दुकान में काम करता है।

पीडि़ता से दुराचार का मामला पुलिस थाना छोटा शिमला के एक क्षेत्र का है। पीडि़ता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी नबालिग बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ती है। पांच नवंबर की शाम को वह बिना बताए घर से बाहर चली गई थी।
रात भर उसकी बेटी घर नहीं आई। उन्होंने कई जगहों पर बेटी की तलाश की, जिसके बाद उनकी बेटी मिली। पीडि़ता की मां ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी बेटी कपिल नामक युवक के साथ थी और उसने बहला फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाए।
दुष्कर्म की बात सुन परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।

