कोटला – स्वयम
पठानकोट – मंडी फोरलेन सड़क परियोजना के द्वारा सड़क निर्माण के चलते 32 मील से भेडखडड तक टनल एक और टनल दो के क्षेत्र में कोटला से सड़क बाईपास होने के कारण सारी हेवी मशीनरी तथा बड़े टिप्पर, ट्रक लोडर कोटला से होकर गुजरते हैं। इस कारण कैहरना से कोटला पुलिस चौकी तक सड़क पर गड्ढे नहीं गड्ढों पर सड़क है।
कोटला बाजार के बीचो-बीच सड़क पर पड़े गहरे गडडो को कंपनी द्वारा कच्ची मिट्टी से भर देने से समस्या ज्यादा बढ़ गई। बरसात की भारी बारिश के चलते कोटला बाजार में राहगीरों तथा रोजमर्रा का सामान लेने वाले खरीदार न तो सड़क पर चल सकते हैं और न ही सड़क क्रॉस कर सकते हैं।
सड़क पर चलते राहगीरों, आईटीआई के प्रशिशु बच्चे तथा अन्य के कपड़े कीचड़ के छिटों से बदरंग हो जाते हैं। और सब को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या वाले लोगों ने हर स्तर पर अपनी फरियाद सुनाई, मगर किसी के कान पर जूं तक न रेंगी।
हालात यह है कि हल्की सी बारिश से भी गड्ढों व कीचड़ से सनी सड़कें हादसो को तो न्योता दे रही है। लेकिन आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। लोग अब किसी से फरियाद करना या शिकायत करना भी वेईमानी समझते हैं। क्योंकि कहीं कोई सुनाई होती तो नहीं है।
सिर्फ प्रशासन की तरफ से एसडीएम अखबारी बयान जारी कर देते हैं कि फोरलेन कंपनी को जन सुविधा हल करने के लिए आदेश दे दिया है, पर वह सिर्फ जुवानी जमा खर्च ही रह जाता है। धरातल पर सब चौपट है। लोगों ने जिलाधीश कांगड़ा से मांग उठाई है कि कैहरना से पुलिस चौकी कोटला तक फोरलेन कंपनी से व्यापक जनहित में तुरंत सड़क पर तारकोल बिछाने के आदेश दिए जाएं।
एनएचएआई डीएम तुषार सिंह के बोल
इस बारे में एनएचएआई के डीएम तुषार सिंह ने कहा कि सड़क पर पड़े गड्ढे जब सूख जाएंगे, तो उन्हें तारकोल से भर दिया जाएगा।
एसडीएम ज्वाली विचित्र सिंह ठाकुर के बोल
इस बारे में एसडीएम ज्वाली विचित्र सिंह ठाकुर ने कहा कि आदेश जारी कर दिए हैं। जनहित का कार्य तुरंत निपटाया जाएगा। जिससे स्थानीय जनता को कोई परेशानी न हो।

