ज्वाली – अनिल छांगु
पुलिस थाना ज्वाली के अधीन पंचायत टकोली घिरथां के गनोर में एक व्यक्ति द्वारा पंखे से लटक कर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का मामला उजागर हुआ है। मृतक की पहचान पूर्ण चंद (40) पुत्र जोगिंदर निवासी गांव गनोर के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार देर रात परिजन पूर्ण चंद को सिविल अस्पताल ज्वाली में उपचार हेतु लेकर आए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने मृतक की गर्दन पर निशान देखा, तो इसकी सूचना पुलिस थाना ज्वाली को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा मृतक की पत्नी परविता चौधरी और उनके भाई रजत कुमार के बयानों को कलमबद्ध किया। मृतक की पत्नी व भाई के अनुसार मृतक पूर्ण चंद ने अपने कमरे में पंखे से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया तथा इसका पता चलने पर उसके परिवार के सदस्य उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ज्वाली ले आए।
एसपी नूरपुर के बोल
एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत केस दर्ज करके शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेजा गया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

