हिमखबर – डेस्क
उपमंडल सुजानपुर के साथ लगती (मेहली खड्ड) सुजानपुर जंगल वेरी मुख्य मार्ग के पास दिन के समय ही तेंदुए घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं. गुरुवार और शुक्रवार को प्रातः साढ़े आठ बजे तेंदुओं का जोड़ा यहां विचरण करता हुआ दिखाई दिया.
स्थानीय युवकों ने अपने घर के भीतर से तेंदुए के भ्रमण का दृश्य अपने मोबाइल में कैद किया है. इसकी रिकॉर्डिंग में दो तेंदुए घूमते हुए दिखाई दिए हैं जबकि तीसरा तेंदूए एक जगह बैठकर आराम फरमा रहा है.
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम दिन के समय हुआ है जिसके चलते हर कोई हैरान परेशान है. हालांकि अभी तक तेंदुओं द्वारा किसी को नुकसान पहुंचाने संबंधी बात सामने नहीं आई है लेकिन जिस तरह से दिन के समय ही तेंदुए विचरण कर रहे हैं ऐसे में कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घटित हो सकती है.
उक्त मार्ग पर पूरा दिन बाहन आवाजाही रहती है. खड्ड के भीतर भी लोग घूमते रहते हैं. जिस स्थान पर यह तेंदुए घूमते हुए दिखाई दिए हैं वहां पर अक्सर लोग पहुंचते हैं.
बताते चलें कि सुजानपुर की अन्य पंचायत में भी तेंदुओं ने दस्तक दी है, जिसमें साथ लगती करोट पंचायत में वन विभाग ने इन्हें पकड़ने के लिए पिंजरे तक फिट करवाए हैं. सुजानपुर शहर के वार्ड नंबर 8 में भी रात के अंधेरे में तेंदुए ने दस्तक दी है.
तमाम घटनाएं सीसीटीवी कैमरा में कैद हुई हैं. लोगों की मानें तो यह तेंदुए यहां वहां घूम रहे हैं और जल्द ही इन्हें वन विभाग को पकड़ना चाहिए ताकि किसी भी तरह की कोई अनहोनी एवं अप्रिय घटना सामने ना आए.

