मंडी – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरकाघाट से सुबह 7:00 बजे चली एचआरटीसी बस से सकलाना से पीछे तड़ून पहुंचने पर अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। इससे बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। अफरातफरी के बीच सवारियों को बस से बाहर निकाला गया। चालक-परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित निकल गए।
जानकारी के अनुसार तड़ून में बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। इसकी भनक जैसे ही चालक को लगी उसने तुरंत गाड़ी को रोक दिया और सवारियों को नीचे उतरने के लिए कहा। गाड़ी से धुआं निकलने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही धर्मपुर से गाड़ी को ठीक करने के लिए मैकेनिक की टीम को मौके पर भेजा गया।
इस संबंध में एचआरटीसी डिपो धर्मपुर के क्षेत्रीय प्रंबधक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकाघाट सकलाना बस में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से समस्या आई है। बस को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। बस पूरी तरह से सुरक्षित है ।

